मोहनलालगंज। करोड़ों रुपये कीमत की जमीनों के फर्जीवाड़े के मामले में फरार चल रहे सिसेण्डी के पूर्व प्रधान राजेश कुमार जायसवाल उर्फ राजू और उसके बेटे अमन जायसवाल पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। गिरफ्तारी से बच रहे दोनों आरोपियों पर डीसीपी साउथ जोन ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस के साथ एसटीएफ को भी लगाया गया है। पिता-पुत्र समेत छह आरोपियों के खिलाफ मोहनलालगंज थाने में मुकदमा संख्या 275/2026 दर्ज है।
एक ही नाम का कथित फर्जी व्यक्ति खड़ा कर जमीनों के बैनामे का आरोप
पुलिस के मुताबिक सिसेण्डी निवासी आशीष कुमार गुप्ता की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में आरोप है कि गांव की अलग-अलग गाटा संख्याओं की कृषि भूमि राजस्व अभिलेखों में सुरेश कुमार के नाम दर्ज थी। आरोपियों ने कथित तौर पर उसी नाम का एक फर्जी व्यक्ति खड़ा किया और जमीन के हिस्सों का अन्य लोगों के नाम बैनामा करा दिया। मामले में पूर्व प्रधान राजेश जायसवाल, उसके बेटे अमन जायसवाल और खुद को सुरेश कुमार बताने वाले अज्ञात व्यक्ति समेत छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूर्व प्रधान पर 14, बेटे पर तीन मुकदमे दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राजेश कुमार जायसवाल के खिलाफ 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उसके बेटे अमन जायसवाल पर तीन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस का आरोप है कि राजेश ने गिरोह बनाकर वर्ष 2006 से अब तक जमीनों से जुड़े फर्जीवाड़े किए। करोड़ों रुपये की संपत्तियों से जुड़े इस मामले में पिता-पुत्र के फरार होने के बाद पुलिस की कार्रवाई और तेज हो गई है।
इनाम घोषित होते ही संभावित ठिकानों पर दबिश
दोनों आरोपियों के लगातार फरार रहने के बाद डीसीपी साउथ ने इन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इसके बाद पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। एसटीएफ को भी गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
