परिवारिक विवाद से परेशान होकर दोनों महिलाओं पर किया था हमला, कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद……..
नगराम। नगराम थाना क्षेत्र के बलसिंहखेड़ा गांव में पारिवारिक विवाद के चलते अपनी सास और चाची पर चाकू से जानलेवा हमला करने के आरोपी दामाद को नगराम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया है।पुलिस के मुताबिक, बलसिंहखेड़ा निवासी लल्ला प्रसाद पुत्र स्व. रामबली की तहरीर पर रविवार को आरोपी रामतीर्थ पुत्र राम मिलन के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मामले में आर्म्स एक्ट की धारा की बढ़ोतरी की गई।पुलिस के अनुसार आरोपी की पत्नी करीब एक वर्ष से अपने मायके में रह रही थी और घर नहीं लौट रही थी। इसी को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी का आरोप है कि उसकी सास और चाची उसे परेशान करती थीं। इसी से क्षुब्ध होकर उसने दोनों महिलाओं पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया।घटना के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए नगराम थाना प्रभारी अंजनी सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर सुबह हसवा पुल से समेसी की ओर नहर किनारे राहुल सिंह की प्लाटिंग के पास से आरोपी रामतीर्थ को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संदीप कुमार, कांस्टेबल पवन कुमार, कांस्टेबल सूरज कुमार और महिला कांस्टेबल मनीषा कुमारी शामिल रहीं।
