नगराम। नगराम थाना क्षेत्र के अहिरनखेड़ा मजरा कमालपुर बिचलिका गांव में बीती रविवार रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। दोनों पक्षों से दो दो लोगो को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं के तहत चालान कर दिया।
पहले मामले में मुकेश कुमार पुत्र स्व. सुन्दरलाल की तहरीर पर पुलिस ने बाबूलाल, संजय, मंजीत, धर्मपाल पुत्रगण स्व. पुनवासी और विमल पुत्र बाबूलाल, सभी निवासी अहिरनखेड़ा के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि विपक्षियों ने पीड़ित के साथ धारदार हथियार से मारपीट की तथा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।वहीं दूसरे पक्ष की ओर से अंजू पत्नी संजय की तहरीर पर बेबी, मुकेश, दुर्गेश पुत्रगण स्व. सुन्दरलाल, सुनील पुत्र स्व. छोटेलाल और अभिषेक पुत्र सतीश के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि विपक्षियों ने पीड़िता और उसके परिवारीजनों के साथ मारपीट की, गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी तथा मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज होने के बाद दोनों पक्षों में चार लोगों को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। वही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
