मोहनलालगंज। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के उदवतखेड़ा गांव में एक व्यक्ति को कथित तौर पर कमरे में बंद कर गाली-गलौज करने और लाठी-डंडे, हॉकी व लोहे की रॉड से मारपीट कर बेहोश करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक, अजय चौरसिया पुत्र कृष्ण चौरसिया निवासी बेहटा कला, थाना लालगंज, रायबरेली, हाल पता सेक्टर-10 वृंदावन कॉलोनी, लखनऊ ने शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि बीते सात सितंबर की शाम करीब सात बजे वह उदवतखेड़ा स्थित हितेंद्र मिश्रा के कार्यालय में मौजूद था। इसी दौरान विपक्षीगणों ने एक राय होकर उसे कमरे में बंद कर दिया और भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे।पीड़ित के विरोध करने पर आरोपितों ने कथित रूप से लाठी-डंडे, हॉकी और लोहे की रॉड से उसके साथ मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गया। मामले में पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।मुकदमे में हितेंद्र मिश्रा, हितेंद्र मिश्रा के बड़े भाई, आदर्श, विशाल सिंह, प्रेम किशोर साहू उर्फ प्रदीप तथा चार-पांच अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटा रही है।
