शिव महापुराण कथा में पहुंची राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी
लाखों शिवभक्तों से पटा ऊंचाहार,मैदान से सड़कों तक दिखा जनसैलाब
मंच से पंकज चौधरी ने मनोज पांडेय के नेतृत्व,वरिष्ठता और जनसेवा को सराहा
सुधीर अग्निहोत्री
रायबरेली।श्री शिवमहापुराण कथा के चतुर्थ दिवस सोमवार को ऊंचाहार में आस्था के साथ सियासी दिग्गजों का भी जमावड़ा देखने को मिला।राज्यपाल आनंदीबेन पटेल,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी और मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला के पहुंचने से आयोजन का महत्व और बढ़ गया।कथाव्यास पं. प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से शिवमहापुराण सुनने के लिए आसपास के जिलों से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं से कथा परिसर,मैदान और आसपास की सड़कें जनसैलाब में तब्दील हो गईं।राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने संबोधन में बालिका शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और सनातन संस्कारों पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा समाज और राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला है,जबकि सनातन परंपराएं जीवन को संस्कार और सही दिशा प्रदान करती हैं।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कैबिनेट मंत्री एवं ऊंचाहार विधायक मनोज कुमार पांडेय के प्रयासों की सराहना की।उन्होंने मनोज पांडेय को राजनीति का वरिष्ठ एवं अनुभवी नेता बताते हुए कहा कि इतने बड़े आयोजन के पीछे क्षेत्र के प्रति उनकी आत्मीयता और जनता के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी जनप्रतिनिधि के प्रति जनता के विश्वास और जुड़ाव का प्रमाण है।कथाव्यास पं. प्रदीप मिश्रा ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि शिवभक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है,बल्कि यह जीवन को संस्कार,सेवा और सदाचार से जोड़ने का मार्ग है।उन्होंने श्रद्धालुओं से सनातन परंपराओं से जुड़ने और शिवभक्ति को जीवन में उतारने का आह्वान किया।कथा के दौरान पूरा पंडाल हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पेयजल, चिकित्सा,स्वच्छता,प्रकाश,पार्किंग और यातायात समेत सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए।पुलिस बल ने बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था संभाली।अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।कार्यक्रम में राज्यमंत्री राकेश राठौर,राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव,भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी,विधायक आशा मौर्या,ज्ञान तिवारी,रामकृष्ण भार्गव,प्रेम नारायण पांडेय,प्रभात वर्मा,निर्मल वर्मा,ज्ञानेंद्र सिंह,एमएलसी रमा निरंजन,शैलेंद्र प्रताप सिंह तथा लखनऊ की महापौर सुषमा खरकवाल समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
