दिनभर में हिंसक सियार ने पशुओं को बनाया निशाना, शाम को बच्चे समेत तीन ग्रामीणों पर किया हमला…….
निगोहां, लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के मगटइया मजरा चिरानीखेड़ा गांव में बीते सोमवार को हिंसक सियार के लगातार हमलों से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। दिन में सियार ने कई पशुओं पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद शाम करीब छह बजे गांव की आबादी की ओर पहुंचे सियार ने एक बच्चे समेत तीन ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।ग्रामीणों के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब तीन बजे गांव के आसपास कुछ लोग पशु चरा रहे थे। इसी दौरान अचानक सियार ने पशुओं पर हमला कर दिया। हमले में कई पशु घायल हो गए। इसके बाद सियार लगातार गांव और आसपास के खेतों में घूमता रहा और कई अन्य पशुओं को भी अपना निशाना बनाया।शाम करीब छह बजे के बाद सियार चिरानीखेड़ा गांव की आबादी के नजदीक पहुंच गया। इसी दौरान उसने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। सियार के हमले में मनोज कुमार पुत्र ईश्वर दीन, उम्र करीब 40 वर्ष, अमर पुत्र शिवमंगल, उम्र करीब 13 वर्ष और फुस्सके पुत्र छोटेलाल, उम्र करीब 32 वर्ष घायल हो गए।घटना के बाद परिजन और ग्रामीण घायलों को तत्काल मोहनलालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया।लगातार सियार के हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सियार दिनदहाड़े गांव के आसपास घूम रहा है, जिससे बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने शाम के बाद खेतों और गांव के बाहरी हिस्सों में अकेले जाने से भी परहेज करना शुरू कर दिया है।ग्रामीणों ने हिंसक सियार को जल्द पकड़ने की मांग की है। मामले की जानकारी देते हुए ग्रामीणों ने वन विभाग को भी लिखित सूचना दी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सियार को पकड़कर जंगल की ओर नहीं खदेड़ा गया तो वह दोबारा किसी व्यक्ति या पशु पर हमला कर सकता है।ग्रामीणों ने वन विभाग और संबंधित अधिकारियों से गांव में तत्काल पहुंचकर सियार की तलाश एवं उसे पकड़ने के लिए अभियान चलाने की मांग की है।
