कुढ़ा गांव में समाधान दिवस पर एसडीएम से ठेका हटाने की मांग, 100 मीटर दूर विद्यालय और खेल मैदान होने का दिया हवाला…..
मोहनलालगंज।मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के कुढ़ा गांव में स्कूल और खेल मैदान के पास संचालित देशी शराब की दुकान को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शिवसागर तिवारी, सुरेन्द्र कुमार सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर शराब की दुकान को तत्काल दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि बाजार के सामने कई वर्षों से संचालित शराब की दुकान से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर कक्षा आठ तक का पूर्व माध्यमिक विद्यालय और बच्चों के खेलने का मैदान है। आरोप है कि दोपहर की छुट्टी के दौरान जब बच्चे मैदान में खेलते हैं, उस समय शराब की दुकान के आसपास नशे में धुत लोग गाली-गलौज और हुड़दंग करते हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा के साथ विद्यालय का माहौल भी प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि शराबियों के जमावड़े के कारण रास्ते से गुजरने वाली महिलाओं और छात्राओं को फब्तियों व अभद्रता का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि मामले की शिकायत पहले भी आबकारी विभाग से की जा चुकी है, लेकिन मौके पर जांच के बजाय कागजी कार्रवाई कर मामले को समाप्त कर दिया जाता है।ग्रामीणों ने शिक्षण संस्थानों के आसपास नशे की गतिविधियों पर नियंत्रण से जुड़े शासन के निर्देशों का हवाला देते हुए ठेका हटाने की मांग की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने आबकारी विभाग को नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठेका नहीं हटाया गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
