नगराम, लखनऊ। दक्षिणी जोन के डीसीपी मो. मुश्ताक के निर्देशन में चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत नगराम पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक अंजनी सिंह के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने विद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं को बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, पीछा करने, धमकी देने अथवा साइबर अपराध की घटना होने पर चुप न रहें और बिना किसी भय के तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिसकर्मियों ने कहा कि समय पर सूचना मिलने से किसी भी संभावित अपराध को रोकने के साथ ही आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अंजनी सिंह ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अप्रिय घटना या असुरक्षा की स्थिति में अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को तत्काल जानकारी दें। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने तथा अनजान लोगों से अपनी निजी जानकारी साझा न करने की भी अपील की।मिशन शक्ति टीम ने छात्र-छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। पुलिस टीम ने साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में बताते हुए कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड या अन्य निजी जानकारी साझा न करें। सोशल मीडिया पर संदिग्ध लिंक और फर्जी संदेशों से भी सावधान रहने की सलाह दी गई।कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को प्राप्त कानूनी अधिकारों के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने छात्राओं से कहा कि किसी भी प्रकार के दबाव, धमकी या उत्पीड़न की स्थिति में डरने के बजाय कानून का सहारा लें। साथ ही शिक्षकों से भी अपील की गई कि वे विद्यार्थियों को समय-समय पर महिला सुरक्षा, बाल सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करते रहें।कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने महिला सम्मान, सुरक्षा और अपराध के प्रति सजग रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जागरूकता ही अपराध की रोकथाम का महत्वपूर्ण माध्यम है।थाना प्रभारी निरीक्षक अंजनी सिंह ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के साथ ही उन्हें अपने अधिकारों और उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना है।
