निगोहां, लखनऊ। निगोहां क्षेत्र के कुशमौरा गांव में गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री गणेश उत्सव बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ मनाया जा रहा है। गणेश उत्सव के दौरान प्रतिदिन रात में आयोजित की जा रही भजन-कीर्तन और आकर्षक धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। भगवान गणेश की मनमोहक प्रतिकृति और एक से बढ़कर एक झांकियों ने ग्रामीणों एवं आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज कुमार कश्यप ने बताया कि 14 सितंबर से श्री गणेश उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उत्सव के दौरान प्रतिदिन रात्रि में भक्तों के लिए भजन-कीर्तन के साथ विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां प्रस्तुत की जा रही हैं। झांकियों के माध्यम से भगवान गणेश और अन्य देवी-देवताओं की लीलाओं का मनमोहक प्रदर्शन किया जा रहा है। देर रात तक श्रद्धालु कार्यक्रम में मौजूद रहकर भक्ति के रंग में सराबोर हो रहे हैं।गांव में गणेश उत्सव को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। महिलाएं, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में पूजा-अर्चना एवं धार्मिक आयोजनों में शामिल हो रहे हैं। उत्सव स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पूरे गांव में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
शनिवार को कन्या भोज के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें आसपास के गांवों समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान गणेश का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों के मुताबिक भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए ग्रामीणों और आयोजन समिति से जुड़े लोगों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज कुमार कश्यप ने बताया कि 20 सितंबर को श्री गणेश उत्सव का समापन गणेश प्रतिमा विसर्जन के साथ होगा। विसर्जन यात्रा कुशमौरा गांव से शुरू होकर श्रद्धालुओं के साथ भवरेश्वर महादेव धाम पहुंचेगी, जहां विधि-विधान के साथ गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण एवं श्रद्धाभाव के साथ विसर्जन यात्रा में शामिल होने की अपील की है।
