नगराम। लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के छतौनी गांव निवासी एक इंटर कॉलेज के चपरासी ने स्कूल के बाबू समेत दो लोगों पर रास्ते में रोककर अभद्रता करने, जातिसूचक गालियां देने और विवाद करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने नगराम थाने में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।छतौनी गांव निवासी अंकुर कुमार पुत्र कौशल किशोर ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह ग्राम छतौनी स्थित शिवनन्दन इंटर कॉलेज में चपरासी के पद पर कार्यरत है। पीड़ित के अनुसार, शनिवार को करीब तीन बजे वह स्कूल की फीस बैंक में जमा करने के बाद वापस विद्यालय लौट रहा था। इसी दौरान नगराम कस्बे के कटरा स्थित बियर बार के पास स्कूल के बाबू प्रशान्त शुक्ला और प्रदीप यादव उर्फ पिंटू कथित तौर पर शराब पी रहे थे।आरोप है कि इसी दौरान प्रशान्त शुक्ला ने अंकुर को रोक लिया और उससे ब्याज पर रुपये दिलाने को लेकर सवाल किया। पीड़ित का आरोप है कि रुपये न दिला पाने की बात को लेकर प्रशान्त शुक्ला ने उसके साथ गाली-गलौज की तथा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उसे अपमानित किया। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ विवाद और झगड़ा करने का भी प्रयास किया गया।घटना के बाद पीड़ित ने नगराम थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र दिया और मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की।नगराम थाना प्रभारी अंजनी सिंह ने बताया कि मामले में पीड़ित की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
