लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के लालपुर गांव के पास सोमवार दोपहर चलती XUV 3XO में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगते ही चालक ने वाहन रोक दिया और अपनी बहन के साथ बाहर निकल आया। देखते ही देखते कार आग की लपटों से घिर गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड को बुलाया, जिसके बाद आग पर काबू पा लिया गया। हादसे में चालक और उसकी बहन सुरक्षित हैं।
पुलिस के मुताबिक घटना 21 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 1:45 बजे की है। वाहन संख्या UP 32 QM 8603 में चालक सत्यदेव सिंह पुत्र जगपाल सिंह, निवासी नेवा, थाना बछरावां, रायबरेली, अपनी बहन गीता के साथ बछरावां से लखनऊ जा रहे थे। लालपुर के पास अचानक कार में आग लग गई।
चालक ने पुलिस को बताया कि वाहन का क्लच काम नहीं कर रहा था, जिसके बाद कार में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल फायर ब्रिगेड को बुलाया गया।
फायर ब्रिगेड की टीम ने पुलिस के सहयोग से आग पर काबू पाया। घटना में कार को काफी नुकसान हुआ है। हालांकि, किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और वाहन सवार दोनों लोग सुरक्षित हैं।
पुलिस के अनुसार मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और स्थिति सामान्य है। कार में आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
