मोहनलालगंज। न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट के अनुपालन में मोहनलालगंज पुलिस ने बुधवार को करीब दस साल पुराने मुकदमे के एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। आरोपी लंबे समय से न्यायालय में हाजिर नहीं हो रहा था, जिसके चलते अदालत ने उसके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी किया था।प्रभारी निरीक्षक राम बाबू सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम कुरौली में दबिश देकर वारंटी मनोज कुमार को उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया।पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2008 में थाना मोहनलालगंज में मारपीट, गंभीर चोट पहुंचाने, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने तथा एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे की सुनवाई के दौरान आरोपी लगातार न्यायालय में अनुपस्थित रहा, जिसके बाद अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया।एसीपी राजकुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय से जारी वारंटों के शत-प्रतिशत अनुपालन के लिए अभियान चलाया जा रहा है। फरार, वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संचालित कराने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
