निगोहां। बाबू सुंदर सिंह कॉलेज ऑफ फार्मेसी, निगोहां की ओर से बाबू सुंदर सिंह फाउंडेशन के सहयोग से इंटर कॉलेज की बालिकाओं के लिए मासिक धर्म एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को माहवारी से जुड़ी स्वास्थ्य और स्वच्छता की वैज्ञानिक जानकारी देना और इससे जुड़ी भ्रांतियों व संकोच को दूर करना रहा।
कॉलेज के फार्मेसी विद्यार्थियों ने बालिकाओं से संवाद कर मासिक धर्म चक्र, व्यक्तिगत स्वच्छता, सैनिटरी पैड के सही उपयोग और सुरक्षित निस्तारण, संतुलित आहार और पर्याप्त पानी के सेवन की जानकारी दी। छात्राओं को बताया गया कि माहवारी एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसमें किसी तरह की झिझक नहीं रखनी चाहिए। विद्यार्थियों ने बालिकाओं के सवालों का सरल और वैज्ञानिक तरीके से जवाब दिया और किसी भी स्वास्थ्य समस्या को अभिभावक, शिक्षक या डॉक्टर से साझा करने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में फार्मेसी डे पर कॉलेज परिसर में पोस्टर प्रदर्शनी और स्वास्थ्य जागरूकता प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विद्यार्थियों ने दवाओं के सुरक्षित उपयोग और जनस्वास्थ्य में फार्मासिस्ट की भूमिका को दर्शाया।
कार्यक्रम डायरेक्टर जनरल डॉ. के.के. सिंह, डायरेक्टर डॉ. आलोक कुमार शुक्ला और डीन फार्मेसी डॉ. नीरज सिंह के मार्गदर्शन में हुआ।
