दोस्त को बचाने नदी में उतरे थे दो युवक, एसडीआरएफ, जल पुलिस व गोताखोरों ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू अभियान——
मोहनलालगंज।मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के सिसेंडी गांव में गणपति विसर्जन के दौरान मंगलवार शाम सई नदी में डूबे तीन युवकों के शव बुधवार को बरामद कर लिए गए। हादसे के बाद एसडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की संयुक्त पांच टीमों ने देर रात तक सघन रेस्क्यू अभियान चलाया। देर रात दो शव बरामद कर लिए गए थे, जबकि तीसरे युवक की तलाश बुधवार को भी जारी रही। बुधवार को संयुक्त टीम ने तीसरा शव भी बरामद कर लिया। तीनों शवों की शिनाख्त के बाद पुलिस ने पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस के मुताबिक, मंगलवार की शाम करीब पांच बजे सिसेंडी निवासी धीरज पुत्र रामनरेश नदी में स्नान करने के दौरान अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें डूबता देख साथ मौजूद हरिप्रसाद और प्रमोद पुत्र हरिशंकर उन्हें बचाने के लिए नदी में उतर गए। तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण धीरज को बचाने के प्रयास में दोनों युवक भी गहरे पानी में डूब गए।घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी और सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के निर्देशन में एसडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की पांच संयुक्त टीमें गठित कर तत्काल बचाव अभियान शुरू कराया गया। अंधेरा होने के बाद भी रेस्क्यू कार्य जारी रखने के लिए मौके पर जनरेटर और फ्लड लाइट की व्यवस्था की गई।संयुक्त टीमों ने देर रात तक नदी में तलाश जारी रखी और दो शव बरामद कर लिए। तीसरे युवक की तलाश बुधवार सुबह दोबारा शुरू की गई। एसडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने सघन अभियान चलाकर तीसरा शव भी बरामद कर लिया। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में तीनों शवों की शिनाख्त कराई और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।हादसे के बाद सिसेंडी गांव में शोक की लहर है। गणपति विसर्जन के दौरान हुए इस हादसे से खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
