मोहानलालगंज, लखनऊ। गांव की प्राचीन, भव्य एवं ऐतिहासिक रामडोल शोभायात्रा बुधवार को श्रद्धा और उल्लास के बीच निकाली गई। शिवाय सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान श्री ठाकुर जी महाराज की आकर्षक प्रतिमूर्ति और भव्य झांकी शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रही।भगवान श्री ठाकुर जी महाराज को सुसज्जित पालकी में विराजमान कर गाजे-बाजे के साथ गांव में घर घर भ्रमण कराया गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान की झांकी का पूजन-अर्चन कर आरती उतारी और दर्शन कर आशीर्वाद लिया। शोभायात्रा के दौरान भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कई स्थानों पर श्रद्धालु भक्ति में भावविभोर होकर नृत्य करते नजर आए।शोभायात्रा के विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने शोभायात्रा में सहभागिता कर भगवान के दर्शन किए।आयोजकों ने शोभायात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि रामडोल शोभायात्रा गांव की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे श्रद्धा और उत्साह के साथ आगे भी जारी रखा जाएगा।कार्यक्रम में शिवाय सेवा समिति के अध्यक्ष आशीष चतुर्वेदी गुरुजी, उपाध्यक्ष राहुल मिश्रा दादाजी, अखिलेश शुक्ल, सचिव रंजीत यादव, मीडिया प्रभारी विनीत कुमार, विवेक गुप्ता, संजय सोनी, पंकज गुप्ता, आयुष वैश्य, विमल गुप्ता, अनुज गुप्ता, गिरिजा गुप्ता, संदीप सैनी, हरिकेश वर्मा, नितुल शर्मा, गोपाल बाजपेई,राजेश कुमार, प्रताप कश्यप समेत समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
