मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज विधानसभा के नेवाजखेड़ा गाँव में मंगलवार को समाजवादी पार्टी की ओर से ‘बाबा साहब के मान पर चर्चा, अब घर-घर पहुंचे पी डी ए पर्चा’ अभियान के तहत पी डी ए चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल का आयोजन बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर वाहिनी के विधानसभा अध्यक्ष महादेव रावत ने किया। संचालन वरिष्ठ सपा नेता व ब्लॉक महासचिव मो. हनीफ ने किया, जबकि अध्यक्षता ग्राम प्रधान आनंद गोपाल लोधी ने की।चौपाल में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व विधायक अंब्रीश सिंह पुष्कर का आयोजकों ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक पुष्कर ने कहा कि आज भाजपा सरकार में शोषित-वंचित समाज, गरीब मजदूर, किसान, नौजवान, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक परेशान है। संविधान और लोकतंत्र को बचाने, हक-अधिकार पाने और बहन-बेटियों की इज्जत बचाने के लिए इस भ्रष्ट, सामंतवादी और तानाशाही सरकार को उखाड़ फेंकना जरूरी है।उन्होंने सपा का पी डी ए का पर्चा पढ़ते हुए कहा कि 2027 में सपा सरकार बनने पर महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी, 300 यूनिट बिजली फ्री मिलेगी, केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा, छात्रों को लैपटॉप, नौजवानों को रोजगार और किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। भाजपा सरकार में बंद किए गए प्राथमिक और जूनियर स्कूलों को फिर से चालू कराया जाएगा। उन्होंने 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान किया।इस दौरान सपा प्रदेश कार्यकारिणी के विशेष आमंत्रित सदस्य राम किशोर रावत, बाबा साहब वाहिनी के जिलाध्यक्ष राज किशोर रावत उर्फ राजू, राजू कुरैशी, विनोद लोधी, हरीशंकर रावत, संतराम रावत, अशर्फी लाल धीमान, राम प्रताप रावत, सूबेदार रावत, रामचंदर, मायाराम, अभिषेक, पन्नालाल, रामफेर, मातादीन, रामू लोधी समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
