बार के पदाधिकारियों के पहुंचने के बाद दर्ज हुआ मुकदमा, आरोपितों पर कार्रवाई की मांग—–
लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के अतरौली गांव में प्लॉट पर निर्माण को लेकर चल रहे विवाद के दौरान अधिवक्ता सचिन तिवारी और एक अन्य व्यक्ति पर कथित हमले का मामला सामने आया है। घटना के बाद मोहनलालगंज बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और अधिवक्ता थाने पहुंचे और पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध जताया। इसके बाद पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी गई तहरीर में अतरौली निवासी रमेशचंद्र द्विवेदी ने बताया कि उनकी भौजाई तपेश्वरी पत्नी प्रेम कुमार द्विवेदी का घर के सामने स्थित एक प्लॉट है, जो उनके अनुसार दानपत्र के माध्यम से प्राप्त हुआ है। आरोप है कि बुधवार को अजीत कुमार पुत्र स्वर्गीय जमुना प्रसाद तिवारी अपने बेटे और करीब छह-सात अन्य लोगों के साथ प्लॉट पर कब्जा करने की नीयत से निर्माण कराने लगे।तहरीर के मुताबिक, रमेशचंद्र ने इसकी सूचना पुलिस को 112 नंबर पर दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद उन्हें थाने ले जाया गया। आरोप है कि उनके थाने चले जाने के बाद विपक्षी पक्ष ने निर्माण जारी रखा। इस दौरान मौके पर मौजूद रमेशचंद्र के दामाद अधिवक्ता सचिन तिवारी और उनके नौकर नरेश ने निर्माण का विरोध किया।तहरीर में आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर अजीत कुमार, सुधीर लोधी, नरेंद्र लोधी, अमित तिवारी, धर्मेंद्र लोधी समेत अन्य लोगों ने सरिया, लाठी, धारदार हथियार और ईंट से हमला कर दिया। हमले में अधिवक्ता सचिन तिवारी और नरेश घायल हो गए। तहरीर में सचिन तिवारी की हालत गंभीर होने की बात भी कही गई है।घटना की जानकारी मिलने के बाद मोहनलालगंज बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कौशलेंद्र शुक्ला, महामंत्री राम लखन यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता ऋषि द्विवेदी समेत अन्य अधिवक्ता थाने पहुंचे। अधिवक्ताओं ने घटना पर विरोध जताते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ताओं का आरोप था कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।अधिवक्ताओं के थाने पहुंचने और कार्रवाई की मांग के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और दोनों पक्षों के तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
