अधिवक्ताओं ने कस्बे में फूल-मालाओं से किया अभिनंदन, टोल प्लाजा पर प्रदेश सचिव अमरपाल सिंह की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने लगाए नारे——
मोहनलालगंज। लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के गुरुवार को रायबरेली दौरे पर जाने के दौरान मोहनलालगंज कस्बे से लेकर निगोहां टोल प्लाजा तक सपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रायबरेली में प्रस्तावित पीडीए रथ यात्रा में शामिल होने जा रहे अखिलेश यादव का मोहनलालगंज कस्बे में अधिवक्ताओं व पार्टी समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद निगोहां टोल प्लाजा पर प्रदेश सचिव एवं 175 कैंट विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी अमरपाल सिंह की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। अखिलेश यादव के काफिले के मोहनलालगंज पहुंचते ही कार्यकर्ता सड़क किनारे एकत्र हो गए। उन्होंने फूल-मालाएं पहनाकर पार्टी अध्यक्ष का स्वागत किया और नारेबाजी कर उनका अभिवादन किया। अखिलेश यादव ने भी वाहन से उतरकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मुलाकात की तथा उनका अभिवादन स्वीकार किया। कुछ देर रुकने के बाद उनका काफिला रायबरेली की ओर रवाना हो गया।
इसके बाद निगोहां टोल प्लाजा पर भी सपा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अखिलेश यादव का स्वागत किया। प्रदेश सचिव अमरपाल सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से अभिनंदन किया। स्वागत के दौरान सपा समर्थकों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया और पार्टी के समर्थन में नारेबाजी होती रही। अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया और इसके बाद उनका काफिला रायबरेली के लिए आगे बढ़ गया।स्वागत कार्यक्रम में पूर्व विधायक अमरीश पुष्कर, सपा नेत्री अर्चना रावत, बिना रावत, पूर्व प्रधान अजय सिंह, विकास सिंह, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राहुल गुप्ता, श्याम सिंह समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। वही अखिलेश यादव गुरुवार को रायबरेली के चुरुआ सीमा से अपने विशेष रूप से तैयार पीडीए रथ पर सवार हुए। पार्टी की ओर से इसे पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग यानी पी डी ए के बीच पहुंच बनाने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने के अभियान के रूप में प्रस्तुत किया गया है। यह पहल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सामने आई है। कार्यक्रम के तहत अखिलेश यादव हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक राहुल लोधी के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं से मुलाकात की। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रायबरेली में कार्यकर्ताओं से संवाद और अन्य कार्यक्रमों के बाद वह लखनऊ लौटेंगे। रायबरेली रवाना होने से पहले मोहनलालगंज और निगोहां में हुए स्वागत ने लखनऊ-रायबरेली मार्ग पर सपा कार्यकर्ताओं की सक्रियता को सामने ला दिया। मोहनलालगंज कस्बे में अधिवक्ताओं के स्वागत से लेकर निगोहां टोल प्लाजा पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी तक पार्टी समर्थकों में उत्साह नजर आया। इसके बाद अखिलेश यादव का काफिला रायबरेली की ओर बढ़ गया, जहां चुरुआ से पीडीए रथ यात्रा का औपचारिक आगाज हुआ।
