नगराम। लखनऊ,मोहनलालगंज विकास खण्ड क्षेत्र के नगराम के बहरौली में स्थित जवाहर लाल नेहरू इंटर कॉलेज, में छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए देश के प्रति अपने विचारों और कल्पनाओं को शब्दों तथा रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 9-बी की तहसील बानो ने प्रथम, कक्षा 9-ए की नंदिनी ने द्वितीय तथा कक्षा 12 के शिवम वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने अपने भाषण में देश के विकास, शिक्षा, रोजगार और बेहतर भविष्य को लेकर अपने विचार प्रभावी ढंग से रखे।इसी क्रम में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए पोस्टर एवं पेंटिंग प्रतियोगिता कराई गई। इसमें कक्षा 8-ए की अंकिता ने प्रथम, कक्षा 6-बी के विनय कुमार ने द्वितीय तथा इसी कक्षा के अर्चित ने तृतीय स्थान हासिल किया। बच्चों ने रंगों के माध्यम से अपने सपनों के भारत की कल्पना को आकर्षक ढंग से उकेरा।विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा ने विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता के साथ ही आत्मविश्वास भी बढ़ता है। प्रधानाचार्य ने विजेताओं को शिक्षण सामग्री एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
