33 पुरुष और 10 महिला अभ्यर्थियों ने हासिल की सफलता, पूर्व सैनिक अजीत कुमार बोले—मेहनत और अनुशासन से मिलती है मंजिल——
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज के कनकहा स्थित आजाद मैदान में युवाओं को निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण और भर्ती संबंधी मार्गदर्शन दे रही ए.एस. डिफेंस एकेडमी के प्रशिक्षार्थियों ने होमगार्ड शारीरिक दक्षता परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है। विभिन्न तिथियों में आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा में एकेडमी के कुल 43 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की, जिसमें 33 पुरुष और 10 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। अभ्यर्थियों की इस उपलब्धि से एकेडमी से जुड़े युवाओं और उनके परिजनों में खुशी का माहौल है।होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को निर्धारित शारीरिक मानकों को पूरा करना था। परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों के लिए 2400 मीटर दौड़ 16 मिनट तथा पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 4800 मीटर दौड़ 28 मिनट में पूरी करने का मानक निर्धारित था। ए.एस. डिफेंस एकेडमी के प्रशिक्षार्थियों ने नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत के दम पर निर्धारित समय के भीतर दौड़ पूरी कर सफलता हासिल की।
आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण——-
ए.एस. डिफेंस एकेडमी की खास पहल यह है कि यहां युवाओं को निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण एवं भर्ती संबंधी परामर्श उपलब्ध कराया जाता है। एकेडमी में अभ्यर्थियों को नियमित रनिंग, शारीरिक दक्षता अभ्यास, फिटनेस ट्रेनिंग और भर्ती परीक्षाओं की तैयारी के लिए जरूरी मार्गदर्शन दिया जाता है। एकेडमी का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक अभाव उनकी तैयारी में बाधा न बने।प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को शारीरिक क्षमता बढ़ाने के साथ ही नियमित अभ्यास, अनुशासन और समय प्रबंधन के महत्व के बारे में भी बताया जाता है। यही वजह है कि एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों ने होमगार्ड की शारीरिक दक्षता परीक्षा में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
पूर्व सैनिक ने सफल अभ्यर्थियों को दी बधाई——
ए.एस. डिफेंस एकेडमी के प्रबंधक एवं पूर्व सैनिक अजीत कुमार ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल सभी 43 अभ्यर्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अभ्यर्थियों की मेहनत, अनुशासन और लगातार किए गए अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि एकेडमी का उद्देश्य युवाओं को बेहतर शारीरिक प्रशिक्षण और सही मार्गदर्शन देकर सेना, पुलिस, होमगार्ड सहित अन्य सुरक्षा सेवाओं में भर्ती के लिए तैयार करना है।अजीत कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही दिशा और उचित प्रशिक्षण देने की है। उन्होंने कहा, “प्रशिक्षण निःशुल्क है, लेकिन मेहनत में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। सही दिशा, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ हर मेहनती युवा अपने लक्ष्य तक पहुंच सकता है।होमगार्ड शारीरिक दक्षता परीक्षा में 43 प्रशिक्षार्थियों की सफलता को एकेडमी की प्रशिक्षण व्यवस्था के साथ-साथ युवाओं की मेहनत और लगन का परिणाम माना जा रहा है। सफलता हासिल करने वाले अभ्यर्थियों ने भी नियमित अभ्यास को अपनी उपलब्धि का प्रमुख आधार बताया।
