निगोहां। लखनऊ। शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को निगोहां थाना पुलिस ने कस्बे में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसीपी राजेश कुमार सिंह के निर्देशन पर थाना प्रभारी रविंद्र कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने कस्बे के भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्र में पैदल गश्त की।पैदल मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की। साथ ही दुकानदारों, राहगीरों और व्यापारियों और कस्बा वासियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। प्रमुख स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से आमजन में सुरक्षा का भाव जागृत किया गया।पुलिस टीम ने असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस गश्त का उद्देश्य अपराधियों में भय कायम करना और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार पैदल गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।
