शराब के नशे में बाइक सवार दो युवकों में हुआ था विवाद, मारपीट के बाद वारदात को दिया अंजाम—-
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में युवक के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर हमला करने के मामले में पुलिस ने बुधवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने शराब के नशे में हुए विवाद के बाद युवक के ऊपर बैटरी का पानी फेंक दिया था। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।पुलिस के अनुसार, बीते सोमवार को कोडरा रायपुर निवासी उमेश कुमार ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि नामजद युवक ने उसके मुंह पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर मोहनलालगंज पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों तथा स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से दीपू पुत्र श्रीपाल निवासी पितनाखेड़ा, थाना असोहा, जनपद उन्नाव को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 26 सितंबर को वह उमेश के साथ उसकी बाइक से कोडरा रायपुर से धनुवासाड़ जा रहा था। धनुवासाड़ के पास दोनों ने शराब पी। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोपी के मुताबिक गुस्से में उसने उमेश के ऊपर बैटरी का पानी फेंक दिया और इसके बाद मौके से भाग गया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ उन्नाव के असोहा थाने में पहले से भी दो मुकदमे दर्ज हैं।
