ज्वलनशील पदार्थ डालने का आरोप, चेहरा और एक आंख झुलसने की बात मेडिकल के बाद जांच में जुटी पुलिस—–
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के कोड़रा रायपुर गांव में युवक के चेहरे पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर झुलसाने के आरोप का मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पीड़ित उमेश कुमार पुत्र छंगालाल की तहरीर पर मोहनलालगंज पुलिस ने एक नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक, मामले में गम्भीर धाराओं के बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमे में चितना खेड़ा, थाना असोहा, जनपद उन्नाव निवासी दीपू को नामजद किया गया है।पीड़ित के आरोप के मुताबिक घटना बीते शनिवार की है कोड़रा रायपुर से धनुवासाड़ जाने वाले रास्ते पर हुई। आरोप है कि इसी दौरान दीपू ने उमेश के मुंह पर ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया और लात-घूंसों से मारपीट करने के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया।घटना में उमेश के चेहरे का एक हिस्सा और एक आंख झुलस गया है। घटना के बाद उसकी मोटरसाइकिल भी मौके पर नहीं मिली, जिसे पुलिस ने बाद में बरामद कर लिया।पीड़ित के मुताबिक, घटना से पहले उसकी मोटरसाइकिल गांव के नन्हकउ के रिश्तेदार मांगकर भदेसऊवा गाँव गए थे। इसके बाद घटनाक्रम भागूखेड़ा की ओर पहुंचा। हालांकि घटना के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर घटना से संबंधित मैसेज वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के साथ ही सोमवार को उसका मेडिकल परीक्षण सिविल अस्पताल में कराया गया।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट, घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
