निगोहां।निगोहां स्तिथ बाबू सुंदर सिंह ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस बीएसएसजीआई में आयोजित रूसी भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में चार बैचों के माध्यम से 160 से अधिक विद्यार्थियों ने रूसी भाषा का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसके बाद अतिथियों का पुष्प स्वागत किया गया।समारोह को संबोधित करते हुए बीएसएसजीआई के महानिदेशक प्रो. डॉ. के.के. सिंह ने कहा कि आज के वैश्विक परिवेश में विदेशी भाषाओं का ज्ञान विद्यार्थियों के लिए नए शैक्षणिक और व्यावसायिक अवसरों के द्वार खोलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने के लिए प्रेरित किया।बीएसएसजीआई की अध्यक्ष श्रीमती रीना सिंह ने अपने आशीर्वचन में कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि विभिन्न संस्कृतियों को समझने और लोगों को जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया।प्रशिक्षण की विशेषज्ञ प्रशिक्षक सुश्री दरिया दिमित्रिएव्ना वरेंत्सोवा एवं प्रो. श्मेलेवा नतालिया व्लादिमीरोव्ना ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और उनकी रुचि व उत्साह की सराहना की।
समारोह में विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इसके बाद रूसी भाषा प्रशिक्षण पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र, फार्मासिस्ट दिवस के विजेताओं को पुरस्कार और सॉफ्टप्रो प्रशिक्षण के प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
अंत में प्रो. डॉ.आलोक कुमार शुक्ला ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
