निगोहां। निगोहां थाना क्षेत्र के नगराम मोड़ पर पशुचर की सरकारी भूमि पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने की सूचना पर राजस्व विभाग ने त्वरित कार्रवाई की। लेखपाल ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर अपने हाथों से रेडीमेड बाउंड्री को गिराकर भूमि को कब्जा मुक्त कराया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को नगराम मोड़ के पास सड़क किनारे स्थित पशुचर की बेशकीमती भूमि पर आसपास के एक दबंग द्वारा रेडीमेड बाउंड्री खड़ी कर कब्जा किया जा रहा था। सरकारी जमीन पर कब्जा होते देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना राजस्व विभाग को दी।
सूचना मिलते ही निगोहां लेखपाल अशोक कुमार अपनी राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच-पड़ताल में अवैध कब्जे की पुष्टि होने पर लेखपाल ने खुद आगे बढ़कर खड़ी की गई बाउंड्री वाल को गिरा दिया और भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
लेखपाल अशोक ने बताया कि पशुचर की भूमि ग्राम समाज की संपत्ति है, जिस पर किसी भी तरह का निजी कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध कब्जा करने वाले को कड़ी चेतावनी दी गई है कि दोबारा ऐसी हरकत करने पर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र के ग्रामीणों में हर्ष है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पशुचर की भूमि की नियमित निगरानी की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी दबंग इस पर कब्जा न कर सके।
