पीड़ित ने पड़ोसी पर जताया चोरी का शक, पुलिस ने तहरीर लेकर शुरू की जांच—–
निगोहां, लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के कांटा करौंदी में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवरात समेत पांच हजार रुपये की नकदी पार कर दी। घटना के बाद पीड़ित ने एक पड़ोसी पर चोरी में शामिल होने का शक जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है और मामले की जांच की जा रही है। कांटा करौंदी निवासी गुलशन कुमार पुत्र रामकुमार के मुताबिक बीती रात चोर उसके मकान के पिछले हिस्से की दीवार में सेंध लगाकर घर में दाखिल हुए। चोरों ने पहले दीवार में एक स्थान पर सेंध लगाई, लेकिन वहां घरेलू सामान रखा होने के कारण आगे बढ़ गए। इसके बाद चोरों ने दूसरी जगह सेंध लगाई और उस रास्ते से सीधे कमरे में पहुंच गए।पीड़ित के अनुसार कमरे में पहुंचने के बाद चोरों ने अलमारी और बक्से को खंगाला। इसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात के साथ करीब पांच हजार रुपये की नकदी भी चोर अपने साथ ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर घर में सामान बिखरा पड़ा मिला और दीवार में सेंध लगी देखकर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पीड़ित गुलशन कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में एक पड़ोसी पर चोरी की घटना में संलिप्त होने का शक जताया है। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी व्यक्ति को आरोपी मानकर कार्रवाई करने के बजाय मामले की जांच में जुटी है। पीड़ित का कहना है कि उसने पुलिस को अपने शक और चोरी से संबंधित जानकारी स्पष्ट रूप से दी है।पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
