नगराम। नगराम के हरदोइया की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय हुसैनाबाद में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ खेल प्रभारी मंशाराम ने मां सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर किया।प्रतियोगिता में न्याय पंचायत के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विद्यालयों के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बच्चों ने कबड्डी, खो-खो, लंबी कूद, 50 मीटर, 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के दौरान बच्चों में जीत को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।खेल प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में विवुधेश त्रिपाठी, अरुण मिश्रा, सर्वजीत, सिराज अहमद, सरोज कुमारी, नीलम गौतम, सरिता सिंह, फरहत जहां, सरिता देवी, हसीन अहमद, एहतशाम हुसैन और केदारनाथ समेत अन्य शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा।प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान शिक्षकों ने बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करते हुए नियमित रूप से खेलकूद में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी बच्चों एवं शिक्षकों को जलपान कराया गया। प्रतियोगिता के आयोजन से विद्यालयों के बच्चों में खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।
