मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत मोहनलालगंज पुलिस ने बताए हेल्पलाइन नंबर, साइबर ठगी से बचाव के भी दिए टिप्स—–
मोहनलालगंज, लखनऊ। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को दुर्गा पूजा के माहौल के बीच मोहनलालगंज पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने मोहनलालगंज कस्बे के दुर्गा मंदिर में पहुंचकर महिलाओं और बच्चियों को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया। लखनऊ दक्षिणी जोन के डीसीपी मो. मुश्ताक के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत चलाए गए इस कार्यक्रम में पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। साथ ही किसी भी विपरीत परिस्थिति में पुलिस और संबंधित विभागों से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।पुलिस टीम ने मंदिर परिसर में मौजूद महिलाओं और बच्चियों को बताया कि महिला सुरक्षा के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबर और सहायता व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए 112, अग्निशमन सेवा के लिए 101, बच्चों की सहायता के लिए 1098, एंबुलेंस सेवा के लिए 108 तथा गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए एंबुलेंस सेवा 102 पर संपर्क किया जा सकता है।
इसके अलावा महिलाओं को 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने समझाया कि महिलाओं और बच्चियों के साथ किसी प्रकार का उत्पीड़न, छेड़छाड़ या अन्य समस्या होने पर इसकी सूचना संबंधित हेल्पलाइन अथवा पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता मिल सके।अभियान के दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य और महिलाओं की सुरक्षा के लिए संचालित व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी दी। महिलाओं को महिला हेल्प डेस्क, महिला सुरक्षा केंद्र, पिंक बूथ और पिंक स्कूटी जैसी सुविधाओं के बारे में बताया गया। पुलिस टीम ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी तरह की परेशानी होने पर बेझिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में साइबर अपराध के बढ़ते मामलों से बचाव को लेकर भी जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने महिलाओं और बच्चियों को अनजान कॉल पर अपनी निजी जानकारी साझा नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी और बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा करने से बचने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी। ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई।इसके साथ ही यूपी कॉप एप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं के बारे में भी बताया गया। पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को डिजिटल माध्यमों का सावधानी से इस्तेमाल करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने के लिए जागरूक किया।
