नगराम, लखनऊ। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत बुधवार को नगराम थाना पुलिस की ओर से ग्राम पंचायत सचिवालय समेसी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों और महिला सशक्तीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।पुलिस टीम ने महिलाओं को घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न और बहुओं के खिलाफ होने वाली हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों का विरोध करने के लिए जागरूक किया। साथ ही महिलाओं और बेटियों को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस की मदद लेने की अपील की गई।कार्यक्रम में महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा महिला सुरक्षा केंद्र, महिला हेल्प डेस्क और यूपी कॉप एप के उपयोग के बारे में भी बताया गया। पुलिसकर्मियों ने साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए अनजान लिंक पर क्लिक न करने, अपनी व्यक्तिगत जानकारी और ओटीपी किसी से साझा न करने की सलाह दी।
