मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज पुलिस ने चोरी की घटनाओं में संलिप्त एक कथित संगठित गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की ओर से दर्ज मुकदमे में गिरोह के सरगना समेत सात लोगों को नामजद किया गया है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य संगठित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरोह की गतिविधियां लखनऊ के साथ आसपास के अन्य जनपदों में भी सक्रिय बताई गई हैं।पुलिस के मुताबिक उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप अधिनियम में कार्रवाई की गई है। मामले में अभिषेक रावत उर्फ भोंदू गुर्जर को गिरोह का सरगना बताया गया है। आरोप है कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर एक संगठित आपराधिक गिरोह संचालित करता था। गिरोह के सदस्य कथित तौर पर चोरी की योजना बनाकर विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी और मोटरसाइकिल चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देते थे।पुलिस की ओर से दर्ज मुकदमे में बाराबंकी जिले के लोनीकटरा थाना क्षेत्र के हाथी का पुरवा, मजरा मेरा कबूलपुर निवासी अभिषेक रावत उर्फ भोंदू गुर्जर को गिरोह का सरगना बताया गया है। इसके अलावा बाराबंकी के देवा थाना क्षेत्र के मामापुर निवासी आरजू खान, बलरामपुर के गैसड़ी थाना क्षेत्र के जम्मीकला निवासी इश्तियाक और सीतापुर के रामपुर थाना क्षेत्र के नाहरवल गांव निवासी रियाजुद्दीन उर्फ सिराजुद्दीन को नामजद किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड में इनके लखनऊ स्थित वर्तमान पते भी दर्ज हैं।इसके साथ ही बाराबंकी जिले के लोनीकटरा थाना क्षेत्र के हाथी का पुरवा, कबूलपुर निवासी मंगल उर्फ शिवमंगल, सोनू और आशीष कुमार को भी मुकदमे में आरोपी बनाया गया है। पुलिस के अनुसार, इन सभी पर कथित गिरोह का सदस्य होने और संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप हैं।पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करते थे। आरोप है कि गिरोह के सदस्य चोरी और मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं। इसी आधार पर गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
