महिला की शिकायत पर निगोहां इंस्पेक्टर को कार्रवाई के निर्देश, थाने से पिंक बूथ तक का किया निरीक्षण——-
मोहनलालगंज। मिशन शक्ति अभियान के तहत बुधवार को बीकॉम की छात्रा शिवांगी मिश्रा को एक दिन के लिए मोहनलालगंज का सहायक पुलिस आयुक्त बनाया गया। एक दिन की एसीपी की जिम्मेदारी संभालते ही शिवांगी मिश्रा पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझने के लिए सक्रिय नजर आईं। उन्होंने एसीपी कार्यालय पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और एक महिला की शिकायत पर संबंधित थाना प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने मोहनलालगंज थाने, महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति केंद्र, कस्बा चौकी और बस स्टैंड स्थित पिंक बूथ का निरीक्षण किया। क्षेत्र भ्रमण के दौरान महिलाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया।मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को उन्हें महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई। एसीपी मोहनलालगंज राजेश सिंह ने बताया कि छात्राओं को एक दिन के लिए पुलिस अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपने से उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। साथ ही उन्हें पुलिस की जिम्मेदारियों, जनसमस्याओं के निस्तारण और महिलाओं की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों को समझने का अवसर मिलता है।एसीपी कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान निगोहां क्षेत्र के ककुहा खेड़ा मजरा सिर्स निवासी शांतिदेवी पत्नी संतराम अपने पति के साथ शिकायत लेकर पहुंचीं। महिला ने गांव के एक व्यक्ति पर मारपीट करने, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया। पीड़िता के मुताबिक, खेत में पानी लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने उनके परिवार के साथ अभद्रता की और धमकी दी।एक दिन की एसीपी शिवांगी मिश्रा ने महिला की शिकायत को गंभीरता से सुना। इसके बाद उन्होंने फोन पर इंस्पेक्टर निगोहां से बात कर मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जनसमस्याओं को सुनने और शिकायतों के निस्तारण में पुलिस की भूमिका को भी समझा।जनसुनवाई के बाद शिवांगी मिश्रा मोहनलालगंज थाने पहुंचीं। यहां उन्होंने मिशन शक्ति केंद्र और महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला संबंधी शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया, हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली और संबंधित रजिस्टरों का अवलोकन किया। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई, अपराध नियंत्रण, जनसंपर्क और शिकायतों के त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान उन्हें बताया गया कि महिला हेल्प डेस्क के माध्यम से महिलाओं की शिकायतें सुनकर उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। मिशन शक्ति केंद्र के जरिए महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी उपायों और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी जाती है।इसके बाद शिवांगी मिश्रा ने एसीपी की सरकारी गाड़ी से मोहनलालगंज कस्बे का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बस स्टैंड स्थित पिंक बूथ और कस्बा चौकी का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने महिलाओं से बातचीत की और उन्हें मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया।उन्होंने महिलाओं को सुरक्षा के प्रति सजग रहने, किसी भी तरह की परेशानी होने पर पुलिस से संपर्क करने और उत्पीड़न से जुड़ी घटनाओं की शिकायत करने के प्रति जागरूक किया। इस पहल के माध्यम से छात्रा को पुलिस की जिम्मेदारियों को समझने के साथ ही महिला सुरक्षा और जनसेवा के कार्यों का व्यावहारिक अनुभव भी मिला।एसीपी राजेश सिंह की पहल के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को जागरूक बनाकर उनमें नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह, महिला कांस्टेबल ज्योति सिंह तथा कांस्टेबल प्रदीप यादव, आशीष शाक्य, आशुतोष और युवराज यादव मौजूद रहे।
