मोहनलालगंज के धनुवासांड़ गांव में दिल दहला देने वाली वारदात, घरेलू कलह में उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार—
तीन बेटों और एक बेटी के सिर से उठा मां का साया, आरोपी पति पुलिस हिरासत में, बेटे की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज——
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के धनुवासांड़ गांव में घरेलू कलह के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां शराब के नशे में धुत एक पति ने अपनी पत्नी की रस्सी से गला कसकर हत्या कर दी। बीती देर रात हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के धनुवासांड़ गांव निवासी राधाकृष्ण पुत्र हरिलाल का अपनी 40 वर्षीय पत्नी रेखा देवी से घरेलू बातों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। जानकारी के मुताबिक घटना वाली रात भी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी दौरान शराब के नशे में राधाकृष्ण ने अपना आपा खो दिया और पत्नी रेखा देवी के गले में रस्सी कसकर उसकी हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। वही मौके पर पहुंची पुलिस ने मौके पर महिला की मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई।मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह के मुताबिक हत्या के पीछे घरेलू विवाद की बात प्रारंभिक जांच में सामने आई है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है। मृतका रेखा देवी के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। मां की मौत और पिता के हत्या के आरोप में पुलिस हिरासत में होने से बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में भी इस वारदात को लेकर शोक और स्तब्धता का माहौल है।
ग्रामीणों के बीच इस बात की चर्चा है कि घरेलू विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि एक महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी। जिस घर में परिवार के साथ खुशियां बसनी चाहिए थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
मृतका के पुत्र प्रभात गौतम ने अपनी मां की हत्या के मामले में मोहनलालगंज कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी पिता राधाकृष्ण के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति राधाकृष्ण को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है। हालांकि पुलिस केवल उसके बयान पर निर्भर न रहकर घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर विवेचना को आगे बढ़ा रही है। प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह गांव में महिला की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। मृतका के पुत्र की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। नामजद आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए हैं तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रकरण की निष्पक्ष एवं साक्ष्य आधारित विवेचना की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वैज्ञानिक साक्ष्यों एवं विवेचना में प्राप्त तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
