बेड से नीचे उतरते ही मासूम के पैर में सर्प ने मारा डंक, सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित——-
दो बहनों में छोटी थी अदिति, पिता के घर लौटने के बाद हुआ अंतिम संस्कार——–
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के हिलगी मजरा सुल्सामऊ गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। स्कूल जाने के लिए तैयार हो रही पांच वर्षीय मासूम बच्ची को घर के अंदर जहरीले सर्प ने डस लिया। परिजन आनन-फानन में बच्ची को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के मुताबिक, मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के हिलगी मजरा सुल्सामऊ गांव निवासी अवधेश यादव ट्रक चालक हैं। उनकी लगभग पांच वर्षीय पुत्री अदिति गुरुवार सुबह रोज की तरह स्कूल जाने के लिए तैयार हो रही थी। मासूम अदिति घर में बेड पर चढ़कर कपड़े पहन रही थी। कपड़े पहनने के बाद जैसे ही वह बेड से नीचे उतरी, तभी नीचे मौजूद जहरीले सर्प ने उसके पैर में डस लिया। अचानक हुई घटना से घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन बिना समय गंवाए मासूम को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों के मुताबिक अदिति दो बहनों में सबसे छोटी थी। गुरुवार सुबह वह रोज की तरह खुशी-खुशी स्कूल जाने की तैयारी कर रही थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही पलों में परिवार की खुशियां मातम में बदल जाएंगी। जिस बेटी को परिजन स्कूल भेजने की तैयारी कर रहे थे, उसी की अचानक मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मासूम अदिति के पिता अवधेश यादव ट्रक चालक हैं और घटना के समय काम के सिलसिले में घर से बाहर थे। बेटी की मौत की सूचना मिलने के बाद वह घर लौटे। उनके आने के बाद गुरुवार को ही गमगीन माहौल में मासूम का अंतिम संस्कार किया गया। मासूम की मौत से गांव में भी शोक व्याप्त है। स्कूल जाने की तैयारी के दौरान घर के अंदर सर्पदंश से हुई इस दर्दनाक घटना ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया।
