
संवाददाता
लखनऊ –
कांग्रेस नेताओं ने कानून व्यवस्था के मोर्चे पर योगी सरकार को फेल बताते हुए जमकर नारेबाजी की।
कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया।
राजधानी के शहीद स्मारक पर कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। उन्होंने प्रदेश में ध्वस्त कानून व्यवस्था के विरोध में धरना दिया। यहां कांग्रेसियों ने योगी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हाथों में तख्तियां लिए कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए दिखे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन पुलिस के आला अधिकारियों को सौंपा।
गाैरतलब है कि कांग्रेस की ओर से लखनऊ के अलावा पूरे प्रदेश में मंडल मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया गया है। कानून व्यवस्था और खराब पुलिसिंग को लेकर कांग्रेस के पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार को घेरा है। मंडल स्तर पर कांग्रेस पदाधिकारी अपना ज्ञापन सौंप कर मांगों को रखने का प्रयास किये है।
अजय राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं की स्थिति बेहद खराब है। पुलिस वाले ही कानून से खिलवाड़ कर रहे हैं। पुलिस कस्टडी में लखीमपुर में दलित लड़के की हत्या कर दी गई।
कहा कि अयोध्या के मंदिर में सफाई का काम करने वाली एक बिटिया के साथ 8 लोगों ने मिलकर रेप किया। मंगेश यादव को घर से उठाकर एनकाउंटर के नाम पर हत्या कर दी गई। पूरे प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। अजय राय ने कहा कि भाजपा कहती है कि अपराधी अब यूपी में नहीं है। निश्चित रूप से सभी अपराधी भाजपा के सदस्य और विधायक बन गए।
अविनाश पांडे ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। महिलाओं के सम्मान से खिलावाड़ किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में हर रोज रेप की घटनाएं सामने आ रहीं हैं। यूपी सरकार में बैठे लोग सिर्फ राहुल गांधी के खिलाफ बयानबाजी करते हैं। वो जनता के मुद्दे पर बात नहीं करना चाहते।
अमेठी सांसद किशोरीलाल शर्मा ने कहा कि यूपी में सौहार्द खत्म करने की कोशिश की जा रही है। अगर महिला अपराध में कमी नहीं आई तो प्रदेश के सभी मंडलों में प्रदर्शन करेंगे। राहुल गांधी लगातार सदन में महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर लड़ाई लड़ रहे हैं। तमाम कांग्रेसी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर महिलाओं के सम्मान की लड़ाई को लड़ रहे हैं।
प्रदर्शन में पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव धीरज गुर्जर ने कहा कि हम पिछले 8 साल से आम आदमी की लड़ाई लड़ रहे हैं। अयोध्या जैसे धार्मिक स्थल में अपराध पर भाजपा सरकार अंकुश नहीं लगा पा रही है। 8 साल में किसी भी बड़े अपराधी के खिलाफ एक्शन नहीं लिया गया। कांग्रेस जमीनी स्तर पर जनता की लड़ाई लड़ती रहेगी।
प्रदर्शन में अपने दर्जनों साथियों की टीम के साथ शहीद स्मारक पहुंचे लालगंज नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि वरिष्ठ कांग्रेस नेता दीपेंद्र गुप्ता ने उत्तर प्रदेश पुलिस पर आरोप-प्रत्यारोप करते हुए कहा कि कानून नाम की चीज नहीं रह गयी है। रेप केस आम होते जा रहे है। घर से उठाकर मंगेश जैसे अपराधी का एनकाउंटर हो रहा है। पुलिस अपनी मनमानी पर उतारी है। कानून के रखवाले ही कानून तोड़ रहे हैं। ये सब कुछ प्रदेश सरकार के इशारे पर हो रहा है। जनता इसका उत्तर देगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय
की अगुवाई में बुधवार को कांग्रेसियों ने ध्वस्त कानून व्यवस्था एवं पुलिस उत्पीड़न के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप कि सरकार हमको डराने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो गई है। प्रदर्शन के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश अपराध के जंगल राज में तब्दील
नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। योगी जी के शासनकाल में प्रदेश अपराध के जंगल राज में तब्दील हो गया है, कहीं भी कोई सुरक्षित नहीं है। योगी जी खुद को संत और सनातन का ध्वजवाहक बताते हैं, पर शायद वो भूल गए कि सनातन में महिलाओं को देवी का दर्जा दिया गया है। दुर्भाग्य ये है कि उनके शासनकाल में सबसे ज्यादा असुरक्षित और पीड़ित महिलाएं ही हैं। उन्होंने कहा कि पूरा प्रदेश अपनी सुरक्षा को लेकर सशंकित है। प्रदेश में भय का माहौल और अपराध का जंगलराज व्याप्त हो चुका है। प्रदेश की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी प्रदेशवासियों को सुरक्षा तथा भयमुक्त माहौल देने में पूरी तरह से विफल हो चुके हैं। कानून व्यवस्था का प्रदेश में बुरा हाल है।
इस मौके पर यूपी प्रभारी अविनाश पांडे, अमेठी सांसद किशोरीलाल शर्मा, नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा, सीतापुर सांसद राकेश राठौर, बाराबंकी सांसद तनुज पुनिया, प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रभारी प्रशासन दिनेश सिंह, राजेश श्रीवास्तव, कांग्रेस के उदीयमान फायरब्रांड नेता, टीवी पैनलिस्ट अमित तिवारी, लालगंज नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दीपेन्द्र गुप्ता, रामेंद्र सिंह लोधी एडवोकेट, निर्मल शुक्ला, विजयशंकर अग्निहोत्री, विनय द्विवेदी, रायबरेली जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी समेत कई जिलों के जिला अध्यक्ष मौजूद रहे।