मोहनलालगंज, लखनऊ। निगोहां के स्टेशन रोड पर जलभराव और सफाई व्यवस्था की बदहाली को लेकर स्थानीय निवासी बौखलाए हुए हैं। इस समस्या को लेकर स्थानीय निवासी सौरभ सिंह द्वारा समाधान दिवस पर उपजिलाधिकारी मोहनलालगंज को शिकायती पत्र सौंपा गया।प्राप्त विवरण के अनुसार निगोहां के स्टेशन रोड के समीप स्थित मोहल्ले में लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं हुई है। जिससे घरों के सामने कूड़ा-कचरा और गंदगी का अंबार लगा हुआ है। शिकायती पत्र में बताया गया कि इलाके में डेंगू और अन्य बीमारियों का खतरा बना हुआ है, लेकिन सफाई कर्मियों की लापरवाही के चलते समस्या जस की तस बनी हुई है।शिकायतकर्ता सौरभ सिंह ने बताया कि इस बाबत कई बार नगर विकास विभाग और संबंधित सफाई निरीक्षक से शिकायत की गई, लेकिन कोई भी प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। हाल ही में हुई बारिश के दौरान नालियों के जाम होने से मोहल्ले के कई घरों में पानी भर गया, जिससे घरेलू सामान खराब हो गया और आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा।उन्होंने समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन से मांग की है कि स्टेशन रोड के आसपास की नालियों की जल्द से जल्द सफाई कराई जाए। साथ ही, नियमित रूप से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि लोगों को बीमारी और नुकसान से बचाया जा सके।

