.मोहनलालगंज।लखनऊ,अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शुक्रवार को मोहनलालगंज विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों में मनरेगा श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया। अमृत सरोवर, खेल मैदान, तालाब और वृक्षारोपण स्थलों जैसे विभिन्न मनरेगा कार्यस्थलों पर श्रमिकों ने सामूहिक रूप से योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।ग्राम पंचायत राती और दखिनाशेषपुर में तकनीकी सहायक इंजीनियर राजकिशोर शुक्ल के मार्गदर्शन में श्रमिकों ने सुव्यवस्थित ढंग से योगाभ्यास किया। वहीं, हुलास खेड़ा में एपीओ उदयराज शर्मा की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान श्रमिकों ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम सहित अन्य योगासन किए।करोरवा, दयालपुर, भद्दीसिर्स समेत अन्य पंचायतों में भी योग कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें महिला श्रमिकों की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली। महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।ग्राम पंचायत स्तर पर हुए इस आयोजन में श्रमिकों ने न केवल योग के लाभों को समझा, बल्कि आपसी सहयोग और सामूहिक सहभागिता का परिचय भी दिया। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने सभी को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया।विकासखंड प्रशासन द्वारा इस पहल की सराहना की गई और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देने की बात कही गई।
