लखनऊ। शुक्रवार दोपहर निगोहा में बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में उस समय हड़कंप मच गया, जब बैंक परिसर में लगे एयर कंडीशनर में अचानक शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं और पूरे बैंक में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद बैंक कर्मियों और ग्राहकों ने तुरंत फायर सिलेंडर से आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी।घटना के समय बैंक में काफी संख्या में ग्राहक मौजूद थे। जैसे ही एसी से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखीं बैंक मित्र अंशू मिश्रा ने तुरंत एसी की लाइन काट दी, लोग घबरा कर बाहर की ओर दौड़ पड़े। बैंक के अंदर मौजूद बैंक मैनेजर अमित कुमार सहित अन्य स्टाफ ने तुरंत फायर सिलेंडर उठाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। वहीं, आस-पास के दुकानदारों और कुछ ग्राहकों ने भी बाल्टी में पानी और धूल फेंककर आग बुझाने में मदद की।करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि आग बैंक के अंदर तक नहीं पहुंची और समय रहते ही उसे रोक लिया गया, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। बैंक मैनेजर अमित यादव ने बताया कि बिजली में शॉर्ट सर्किट की वजह से बैंक परिसर के बाहर लगे एसी आउटडोर में आग लग गई थी। हमारी टीम ने तुरंत फायर सिलेंडर से आग बुझा ली। सौभाग्य से किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति को नुकसान नहीं हुआ है।इस घटना ने एक बार फिर से बैंक और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अग्निशमन यंत्रों की उपयोगिता और तत्परता को साबित किया है। यदि समय रहते सूझबूझ न दिखाई जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
