अमवा मुर्तजापुर के खरगीपुर से बाबा बरगदिहा तक जाने वाला कच्चा मार्ग खस्ताहाल …..
नगराम। लखनऊ ,नगराम थाना क्षेत्र के अमवा मुर्तजापुर का मजरा खरगीपुर से देव स्थल बाबा बरगदिहा तक जाने वाला करीब 400 मीटर का कच्चा रास्ता बरसात की वजह से कीचड़ युक्त व खस्ताहाल हो गया है। रास्ता खराब हो जाने की वजह से यहां के ग्रामीणों राहगीरों किसानों सहित स्कूल आने जाने वाले बच्चों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अमवा मुर्तजापुर के ग्रामीणों के अनुसार आजादी के बाद से ही यह रास्ता कच्चा पड़ा हुआ है। ग्रामीणों ने इस कच्चे रास्ते पर खड़ंजा लगाने के लिए कई बार गांव के प्रधान सहित जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई। पर नतीजा कुछ नही निकला। पिछले कई दशकों से ग्रामीण इस कच्चे रास्ते का दंश झेल रहे हैं। बरसात के मौसम में तो यह रास्ता और भी ज्यादा खतरनाक हो जाता है। बरसात के मौसम में यह कच्चा रास्ता कीचड़ युक्त हो जाने से यहां से साधन ले जाना तो दूर पैदल निकलना मुश्किल हो जाता है। कई बार इस रास्ते से निकलने वाले राहगीर गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। अमवा मुर्तजापुर के ग्रामीण त्रिभुवन भारतीय संजय, रामहेत राजकुमार, कन्हैयालाल, चांदिका प्रसाद, सदाशिव, चेतराम,भाईलाल, भारत लाल, मनोज कुमार ने बताया कि यह कच्चा रास्ता कई वर्षों से इसी हालत में पड़ा हुआ है। बरसात के मौसम में या रास्ता पूरी तरह कीचड़ युक्त हो जाता है। ग्राम प्रधान सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से इस रास्ते को बनाने के गुहार लगाई गई मगर फिर भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार यह कच्चा रास्ता नगराम गंगागंज रोड से निकले अमवा मुर्तजापुर के संपर्क रोड से निकलकर सीधा बाईपास बाराबंकी व रायबरेली की सीमा से होकर बहुदा चौराहे पर निकलता है जिसके कारण इस रास्ते पर ज्यादातर ग्रामीण राहीगीरों का आवागमन रहता है। पर यह कच्चा रास्ता खराब हो जाने की वजह से इस रास्ते से आने-जाने वाले ग्रामीणों को करीब 5 से 6 किलोमीटर घूम कर जाना पड़ रहा है जिसकी वजह से आसपास के ग्रामीणों सहित राहीगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
