- पीड़िता ने डटकर किया आरोपी से मुकाबला—
- सुलह के लिए आरोपी ने बनाया पीड़िता पर दबाव किन्तु एक न चली–
- पुलिस ने भी 24 घंटे के अंदर दाखिल की चार्जशीट और दर्ज कराया मजिस्ट्रेट के सामने पीड़िता का बयान
लखनऊ। निगोहा में एक 12 वर्षीय लड़की के साथ दिनदहाड़े एक गैर समुदाय के युवक ने सरेराह छेड़छाड़ की। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी तो मौके पर भाग निकला लेकिन सुलह करने के लिए आरोपी पक्ष के लोग उस पर दबाव बनाने लगे लेकिन किसान की बेटी ने एक न सुनी और पिता के साथ थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। उधर, पुलिस ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए 24 घंटे के भीतर ही आरोपी को जेल भेजा और पीड़िता का मजिस्ट्रेट के सामने बयान तथा न्यायालय में आरोप पत्र भी दाखिल कर दिया। इलाके के एक गाँव की 12 वर्षीय किशोरी बीती 24 जुलाई की दोपहर खेत में धान की बेढ़ लगाने के बाद घर लौट रही थी। रास्ते में अकेला पाकर दिनदहाड़े सरेराह आरोपी रियाज ने किशोरी का रास्ता रोक लिया और छेड़छाड़ शुरू कर दी। बहादुर लड़की ने आरोपी से विरोध करने के साथ ही शोर मचाना शुरू कर दिया।किशोरी के शोर मचाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान मौके की ओर दौड़े, जिन्हें देखकर आरोपी भाग गया। जाते-जाते उसने किशोरी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन पीड़िता को लेकर थाना निगोहां पहुंचे और आरोपी के विरुद्ध तहरीर दी। प्रभारी निगोहां अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया हैं। उधर , घटना को लेकर गांव में नाराजगी का माहौल है। मामले की विवेचना कर रहे हर्ष गुप्ता ने पीड़िता मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराया और इसी समय अवधि में आरोप पत्र दाखिल किया गया हैं।
