लखनऊ। नगराम थाने में आयोजित थाना समाधान दिवस पर शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और भूमि विवादों से संबंधित शिकायती पत्र अधिकारियों को सौंपे। शिकायतों में अवैध कब्जा, रास्ता रोकने, फर्जी बैनामे और दबंगई के आरोप प्रमुख रूप से सामने आए। उदवतखेड़ा निवासी सरस्वती देवी ने गाटा संख्या 916 पर विपक्षी द्वारा अवैध मेड़ जोतकर कब्जा करने की शिकायत की। वहीं कई ग्रामीणों ने साहू कंपनी पर गाटा संख्या 2986 की जमीन पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया। काशी प्रसाद निवासी मोहल्ला नगर ने गाटा संख्या 5147 पर विपक्षी द्वारा फर्जी तरीके से कब्जा किए जाने की बात कही, जबकि उनके नाम पहले ही दाखिल खारिज हो चुकी है।भोला धोबी, अचलीखेड़ा निवासी ने आरोप लगाया कि मोजो रज़ा द्वारा उनकी भूमि गाटा संख्या 312ख पर जबरन खड़ंजा बना दिया गया है, जिससे उन्हें जानमाल का खतरा बना हुआ है।इसके अलावा बसन्तलाल और महावीर ने गांव के ही एक व्यक्ति पर रास्ता रोकने और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया, जबकि रामदत्त ने गाटा संख्या 1482 पर आज तक कब्जा न दिलाए जाने की शिकायत की।थाना दिवस में पहुंचे अधिकारियों ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। मौके पर संबंधित राजस्व निरीक्षकों द्वारा कई प्रार्थना पत्रों पर “मौके पर जाकर आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया” लिखित रूप में अंकित किया गया।
