लालगंज/रायबरेली – आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना में दिनांक 15.08.2025 को 79वाँ स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास के साथ सरस्वती प्रेक्षागृह प्रांगण में मनाया गया। मुख्य अतिथि महाप्रबंधक प्रशान्त कुमार मिश्रा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। महाप्रबन्धक महोदय ने स्वतंत्रता दिवस के सम्बोधन में आरेडिका के वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के प्रथम 04 माह की उपलब्धियों के बारे में बताया। आरडिका ने इस वर्ष जून माह में 14000वें कोच का उत्पादन किया है। आरेडिका रेलवे बोर्ड द्वारा दिये गये लक्ष्य को पूर्ण करने की ओर अग्रसर है। आरेडिका में आम जन मानस के लिए दीनदयालु एवं नॉन एसी स्लीपर कोचों का निर्माण तेजी से चल रहा है। मेमू के 3 रेक का निर्माण पूरा करके देश को समर्पित कर दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि आरेडिका अपनी बहुप्रतीक्षित पहली वंदेभारत का निर्माण कर रहा है जिसे इस वर्ष ही आरेडिका से रवाना किया जायेगाइस वर्ष पहली बार आरेडिका को TIMC के निर्माण का कार्य सौंपा गया है जिसका उत्पादन प्रगति पर है जिसका पहला कोच अगस्त 2025 तक पूर्ण होने की संभावना है। सोलर प्लाण्ट से लगभग 44लाख यूनिट विद्युत उत्पादन किया जिससे 2.50 करोड़ रेलवे राजस्व की बचत की गई साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए हाल ही में लालगंज में अल्ट्रासाउंड केन्द्र को कर्मचारियों की सेवाओं के लिए पैनल में शामिल किया गया है।महाप्रबंधक महोदय ने अपने संबोधन मे बताया कि FWP में वर्ष 2024-25 में कुल 33,515 पहियों का उत्पादन हुआ जो पिछले वर्ष की तुलना में 49% अधिक है। रेलवे बोर्ड के 50 हजार पहियों के उत्पादन लक्ष्य के सापेक्ष में 31 जुलाई तक 20,261 पहियों का निर्माण कर लिया गया है जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 109%अधिक है।महाप्रबधक महोदय ने यह भी बताया कि इस वर्ष अभी तक कुल 31000 वृक्ष लगाने का कार्य पूरा किया गया है तथा 2,25,000 विभिन्न प्रकार के बीजों का बीजारोपण भी किया गया साथ ही 29 रेन वॉटर हार्वेस्टिंग एवं 12 जलाशयों का निर्माण कर 631 मिलियन लीटर भू-जल संरक्षण का प्रबंधन कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इस अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल ने परेड की जिसमें उ.प्र.पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड के कर्मचारी तथा स्काउट एवं गाइड के बच्चे भी शामिल हुए। आरेडिका सांस्कृतिक संगठन, ज्ञानदा बाल मंदिर के बच्चों तथा स्काउट एवं गाइड के द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम किया गया जिसमें देशभक्ति गीत एवं समूह लोक नृत्य प्रस्तुत किए गये। पर्यावरण के क्षेत्र में विशेष कार्य करने वाले कर्मचारियों को महाप्रबंधक महोदय ने पुरस्कृत किया। समारोह में आरेडिका महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा भारती मिश्रा एवं सदस्याएं, अधिकारी, कर्मचारी, यूनियन के प्रतिनिधि और उनके परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। आरेडिका में हर घर तिरंगा अभियान के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने घरों एवं जन सेवा भवनों पर 13-15 तक अगस्त तिरंगा फहराया एवं भवनों को तिरंगें के रूप में सजाया गया। इसके साथ-साथ आरेडिका के आवासीय परिसर स्थित ज्ञानदा बाल मंदिर में आरेडिका महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा भारती मिश्रा के द्वारा ध्वजारोहण किया गया जिसमें महिला कल्याण संगठन की अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहीं।
