नगराम।लखनऊ,महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे महिला विशिष्ट बीट त्रैमासिक अभियान के तहत मंगलवार को नगराम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं और युवतियों को पुलिस हेल्पलाइन नंबर, महिला हेल्पलाइन नंबर, साइबर हेल्पलाइन नंबर सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी गई।पुलिस टीम ने उपस्थित महिलाओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 1090 महिला हेल्पलाइन 112 पुलिस आपातकालीन नंबर 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है। इसके साथ ही यूपी काॅप एप को डाउनलोड कर उसका इस्तेमाल करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। मौके पर मौजूद महिलाओं के मोबाइल पर एप डाउनलोड कराकर रजिस्ट्रेशन कराया गया और इसके उपयोग के फायदे विस्तार से बताए गए।महिलाओं व किशोरियों को गुड टच-बैड टच की जानकारी भी दी गई ताकि बच्चे किसी भी प्रकार की असामान्य स्थिति को समझकर तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचित कर सकें। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और उन्हें कानूनी मदद व सुरक्षा सेवाएं सहज उपलब्ध होंगी।इस दौरान कार्यक्रम में शामिल हुईं महिलाओं ने अभियान की सराहना की। गांव की अनीता देवी ने कहा कि “अक्सर हमें यह नहीं पता होता कि समस्या आने पर तुरंत कहां संपर्क करें, आज इस कार्यक्रम से सही जानकारी मिली।” वहीं, छात्रा पूजा कुमारी ने कहा कि “पहली बार यूपी काॅप एप डाउनलोड किया है, इससे हमें सुरक्षित महसूस होगा।महिला उप निरीक्षक अल्पा देवी ने कहा कि “महिलाओं और किशोरियों को जागरूक करना हमारी पहली जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे बिना हिचक पुलिस से संपर्क करें।उप निरीक्षक गजेंद्र सिंह ने बताया कि “गांव-गांव में इस प्रकार के अभियान चलाकर हम महिलाओं को तकनीकी रूप से मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं।वहीं, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि “महिला सुरक्षा के लिए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मिलकर अच्छा काम कर रहे हैं। जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है।
इस मौके पर उप निरीक्षक दीपक कुमार पाल, महिला कांस्टेबल प्रिया व अवनीशा भी मौजूद रहे।
