लखनऊ। कैंट इलाके में बीते शनिवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया था । कमांड हॉस्पिटल के पास तेज रफ्तार थार ने ई-ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज KGMU ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक थार करीब 100 की स्पीड पर थी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि ई-ऑटो पलट गया और उसमें बैठे लोग सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस और तीन एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया था । हादसे के बाद थार चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया था।
मृतकों के घर मचा कोहराम
पोस्टमार्टम के बाद रविवार दोपहर मृतकों के शव घर पहुंचे तो परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक उमेश साहू अपने पीछे पत्नी कीर्ति साहू, एक बेटा स्वास्तिक और बेटी गौरी को छोड़ गए हैं। परिवार में मां श्यामावती और भाई अनुज साहू भी हैं, जिनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह इस समय मुंबई में रहते हैं। उमेश ने महज पांच महीने पहले ही ई-ऑटो किश्तों में खरीदा था। शनिवार शाम वह आटो घर पर चार्जिंग पर लगाकर दर्शन करने की बात कहकर निकले थे, लेकिन हादसे का शिकार हो गए।
दूसरे मृतक मोहित राजपूत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी संध्या राजपूत, मां शिव देवी, पिता राम सनेही और एक बहन जानकी है। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
