मोहनलालगंज। लखनऊ,मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना मोहनलालगंज में मंगलवार को एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक श्री डी.के. सिंह ने थाना क्षेत्र की उन महिलाओं को सम्मानित किया, जिन्होंने समाज और पुलिस के बीच सेतु का कार्य करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और क्षेत्रीय महिलाओं की उपस्थिति रही। महिलाओं को सम्मानित करते हुए उनके उत्साह और योगदान की सराहना की गई।अपने संबोधन में प्रभारी निरीक्षक डी.के. सिंह ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल समाज की उन्नति ही नहीं, बल्कि सुरक्षित और जागरूक वातावरण की नींव है। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करना, आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें समाज में नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है।उन्होंने विस्तार से महिलाओं को सुरक्षा से जुड़े अधिकारों और उपायों की जानकारी दी। इस दौरान हेल्पलाइन नंबर 1090 महिला पावर लाइन 112 आपातकालीन नंबर और 181 महिला हेल्पलाइन के बारे में बताया गया। इसके साथ ही साइबर अपराध से सुरक्षा, घरेलू हिंसा से निपटने के उपाय तथा महिला संबंधी कानूनों की जानकारी भी साझा की गई।प्रभारी निरीक्षक ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे न केवल स्वयं जागरूक रहें, बल्कि अपने आस-पड़ोस की महिलाओं और बालिकाओं को भी सुरक्षा व अधिकारों के प्रति जागरूक करें।इस दौरान सम्मानित महिलाओं ने भी अपने विचार रखे और थाना मोहनलालगंज पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। उनका कहना था कि इस तरह के कार्यक्रम महिलाओं का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें समाज में नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने मिशन शक्ति अभियान को जन-जन तक पहुँचाने और महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
