महिला सशक्तिकरण एवं साइबर अपराध जागरूकता का दिया गया संदेश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत शनिवार को मोहनलालगंज क्षेत्र कस्बे में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में लगभग 1000 छात्राओं ने भाग लेकर समाज को महिला सशक्तिकरण और साइबर अपराध से बचाव का सशक्त संदेश दिया।यह रैली एसीपी रजनीश वर्मा के निर्देशन पर में संपन्न कराई गई। रैली का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक डी.के.सिंह ने किया।इस अवसर पर नवजीवन इंटर कॉलेज एवं काशीश्वर इंटर कॉलेज मोहनलालगंज की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हाथों में बैनर और तख्तियाँ लिए छात्राओं ने नारे लगाते हुए लोगों को जागरूक किया। उनके संदेशों में “बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा सर्वोपरि है। साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक रहना आवश्यक है” और महिला सशक्तिकरण से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है” जैसे स्लोगन प्रमुख रहे।रैली के उपरांत एक जागरूकता गोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों ने छात्राओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि आज के समय में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सबसे अहम विषय है। साइबर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, इसलिए इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग बेहद जरूरी है।इस दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबर 1090 वूमेन पावर लाइन 112 आपातकालीन सेवा 1930 साइबर धोखाधड़ी हेल्पलाइन एवं 181महिला हेल्पलाइन के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्हें यह भी प्रेरित किया गया कि किसी भी समस्या या अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें और डरें नहीं।कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे स्वयं जागरूक रहेंगी और साथ ही अपने परिवार,पड़ोस तथा समाज की अन्य महिलाओं व बालिकाओं को भी महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी देंगी। यह आयोजन मिशन शक्ति अभियान की उस भावना को और मजबूती देता है, जिसके तहत प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
