मोहनलालगंज।लखनऊ, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत शनिवार को मोहनलालगंज पुलिस द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम थाना प्रभारी डी.के. सिंह के नेतृत्व व जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशन में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम मोहनलालगंज कस्बे में स्थित पाण्डेय प्लाजा कॉम्पलेक्स में आयोजित किया गया। जहां महिलाओं एवं बालिकाओं ने नुक्कड़ नाटक बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का मंचन कर समाज को बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा का संदेश दिया। नाटक की प्रभावशाली प्रस्तुति ने मौजूद जनसमूह को गहराई से प्रभावित किया।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा मिशन शक्ति अभियान के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। इसमें महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबर, महिला सशक्तिकरण योजनाएं, महिला सहायता केंद्र और महिला हेल्प डेस्क की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। साथ ही पिंक बूथ की कार्यप्रणाली, साइबर अपराध से बचाव के उपाय, गुड टच-बैड टच की जानकारी, यूपी कॉप एप और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की उपयोगिता के बारे में भी विस्तार से बताया गया।इस अवसर पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक यशवंत सिंह, एस.टी.एम. आशीष कुमार महिला कल्याण विभाग, उ.प्र. उपनिरीक्षक मनोज राय, उपनिरीक्षक श्रीमती मेघा तिवारी, उपनिरीक्षक श्रीमती आकांक्षा राजपूत, आरक्षी अमित कुमार यादव एवं आरक्षी श्रीमती वैशाली चौधरी मौजूद रहे।पुलिस एवं महिला कल्याण विभाग द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास जगाने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।यह आयोजन न सिर्फ जागरूकता का माध्यम बना, बल्कि समाज में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर सकारात्मक संदेश भी प्रसारित कर गया।
