मोहनलालगंज। लखनऊ।लखनऊ के योग जगत के लिए गर्व का क्षण है। योगासना स्पोर्ट्स एलायंस एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद लखनऊ के दो प्रख्यात योगाचार्य डॉ. महेश लाल एवं आचार्य सुरेश कुमार का चयन आगामी राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में किया गया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता दिनांक 9 अक्टूबर से 12 अक्टूबर 2025 तक कर्नाटक राज्य के ऐतिहासिक शहर मैसूर में आयोजित की जा रही है।संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि दोनों ही योगाचार्य लंबे समय से योग साधना, प्रशिक्षण और प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में कार्यरत हैं। उन्होंने न केवल प्रदेश स्तर पर बल्कि राष्ट्रीय मंचों पर भी योग को नई पहचान दिलाई है। उनके मार्गदर्शन में सैकड़ों युवा योग साधक तैयार हुए हैं जिन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।डॉ. महेश लाल एवं आचार्य सुरेश कुमार का चयन उनके योग क्षेत्र में वर्षों से किए जा रहे योगदान, अनुशासन, अनुभव एवं समर्पण के कारण किया गया है। संस्था के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि “दोनों योगाचार्य हमारे संगठन के स्तंभ हैं। उनका राष्ट्रीय प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में चयन पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व की बात है। हमें पूर्ण विश्वास है कि वे अपनी योग विशेषज्ञता से राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश और लखनऊ का नाम ऊँचा करेंगे।योगासना स्पोर्ट्स एलायंस एसोसिएशन उत्तर प्रदेश परिवार ने दोनों निर्णायकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। संस्था का उद्देश्य योग, भारतीय पारम्परिक खेलों और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सतत कार्य करना है।संस्था के सदस्यों का कहना है कि यह चयन लखनऊ के योग प्रेमियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा और अधिक से अधिक युवाओं को योग के क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
