गोसाईगंज धाम, लखनऊ में भक्ति और अध्यात्म का होगा महापर्व
गोसाईगंज, लखनऊ। गोसाईगंज धाम स्थित युग तुलसी श्री रामकथा समिति के सौजन्य से शिशु मंदिर इंटर कालेज में इस वर्ष भी परम पावन श्री रामकथा ज्ञान महायज्ञ ( बाइसवां अनुष्ठान) का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 11 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2025 तक भव्य रूप से संपन्न होगा। श्री रामकथा अनुरागी बंधुओं के सहयोग और श्री सीताराम जी की असीम कृपा से इस वर्ष भी भक्तिमय माहौल में रामकथा का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त वेदांताचार्य, पूज्यपाद पं० रामकिंकर उपाध्याय जी महाराज के पट्ट शिष्य मानस मर्मज्ञ पूज्यपाद पं. उमाशंकर “व्यास जी” महाराज द्वारा श्री रामकथा का दिव्य वाचन गोसाईगंज स्थित शिशु मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में सायं 7 बजे से 9:30 बजे तक किया जाएगा। पूरे आयोजन के दौरान कथा के साथ भजन, संकीर्तन, आरती और अध्यात्मिक प्रवचन से वातावरण राममय रहेगा। यह कथा श्रद्धालुओं के लिए आत्मिक शांति और आध्यात्मिक जागरण का अद्भुत अवसर बनने जा रही है। कार्यक्रम के अनुप्रेरक व समिति के संरक्षक नागेश कुमार व आयोजक कृपा शंकर उर्फ प्रशांत त्रिपाठी है। संरक्षक नागेश कुमार ने बताया कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज में प्रेम, सद्भाव और संस्कृति के पुनर्जागरण का प्रेरणास्रोत भी बनेगा।
