मोहनलालगंज। लखनऊ,समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री धरतीपुत्र मुलायम सिंह यादव की तीसरी पुण्यतिथि पर सपा कार्यालय बिन्दौवा में श्रद्धांजलि सभा एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर ने किया, जबकि अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि उमाशंकर वर्मा ने की।कार्यक्रम की शुरुआत नेताजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य व नागरिकों ने नेताजी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए और भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। संचालन पूर्व प्रधान एवं जिला सचिव ज्ञानेन्द्र बहादुर सिंह ने किया।संगोष्ठी में वक्ताओं ने नेताजी के संघर्षपूर्ण जीवन, समाजवादी विचारधारा और गरीब, किसानों व वंचितों के लिए किए गए कार्यों को याद किया।पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर ने कहा कि “मुलायम सिंह यादव सत्ता के लिए नहीं, सेवा और संघर्ष के लिए राजनीति करते थे। वे एक विचार हैं, जो हमेशा जीवित रहेंगे।पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अमर पाल सिंह ने नेताजी से जुड़ी प्रेरक घटना सुनाते हुए बताया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद नेताजी ने किसानों से चुंगी समाप्त करने का वादा निभाया था।इस अवसर पर समाजवादियों ने यह संकल्प लिया कि 2026 के पंचायत चुनावों में पी डी ए समाज के प्रत्याशियों को विजयी बनाकर और 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाकर नेताजी के सपनों को साकार किया जाएगा।कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव अधिवक्ता सभा श्रवण कुमार यादव, सांसद प्रतिनिधि संतोष रावत, राम सनेही यादव, अरुण यादव, विजय यादव, जितेन्द्र यादव बाबू, पूर्व चेयरमैन राजेश रावत, पार्षद सुनील रावत, नितुल शर्मा, सतीश गुप्ता, मधुकर सिंह यादव, कादिर खान टाइगर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।सभी ने नेताजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और भंडारे में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति ने यह संदेश दिया कि धरतीपुत्र मुलायम सिंह यादव की विचारधारा आज भी जीवंत है और समाजवादी आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान कर रही है।
