मोहनलालगंज। लखनऊ, मोहनलालगंज के वन बीट प्रभारी ज्योति रावत ने गुरुवार मोहनलालगंज पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि मोहनलालगंज बीट के अन्तर्गत पुरसैनी वन ब्लाक में रामकृपाल दैनिक वेतन कर्मी के साथ क्षेत्र गश्त के दौरान बीते 5 अक्टूबर को शिकायत प्राप्त हुई कि हीरामनखेड़ा में शीशम/ युकेलिप्टस वृक्षों को काटा जा रहा है। सूचना पाकर पूछ-ताछ करते हुये दोपहर जब मैं दैनिक कमी के साथ घटनास्थल पर पहुँची तो देखा एक वृक्ष युकेलिप्टस व एक वृक्ष शीशम का ठूठ मौके पर मिला जिसकी गोलाई 1-1.50 मी0 युकेलिप्टस 2-1.55 मी0 शीशम है। जिसकी समस्त प्रकाष्ठ मौके से गायब थी। उक्त घटना स्थल पुरसैनी वनब्लाक के अन्तर्गत आता है। आस-पास ग्रामीणों से पूछ-ताछ करने पर ज्ञात हुआ कि उक्त वृक्षों को प्रदीप निवासी चमरहिया गोपालखेड़ा किन्ने उर्फ सिराज निवासी पुरसैनी एवं हाशिम निवासी पुरसैनी थाना मोहनलालगंज के द्वारा चोरी-छिपे काटा गया है। जो पातन भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26 के अन्तर्गत दण्डनीय अपराध है। इंस्पेक्टर मोहनलालगंज डीके सिंह ने बताया कि वन बीट प्रभारी की तहरीर पर गुरुवार को मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।
